भूकंप के झटकों से हिला दिल्ली-एनसीआर
जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए तो लोग घरों से बाहर आने लगे। बड़ी-बड़ी हाईराइज बिल्डिंग में लोगों को झटके ज्यादा महसूस हुए। वो तुरंत ही बाहर भागे। भूकंप से अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह धरती कांप उठी। बहुत जोरदार भूकंप की वजह से काफी देर तक सब हिलने लगा।
दिल्ली ही था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 थी। इसका केंद्र नई दिल्ली में जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई पर था। यह 28.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.16 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। गहराई कम होने और केंद्र दिल्ली में होने के कारण दिल्ली-एनसीआर में इसे ज्यादा महसूस किया गया। कई साल के बाद भूकंप का केंद्र दिल्ली रहा। इसकी वजह से यहां लोगों को झटके काफी देर तक महसूस हुए।
दिल्ली में क्यों लगते हैं भूकंप के झटके
दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय क्षेत्र IV में आता है। ये ऐसा इलाका होता है जहां भूकंप के तेज झटके आते रहते हैं। यहां बीच-बीच में झटके महसूस होते रहते हैं। 7 जनवरी को भी भारत, नेपाल और बांग्लादेश में सुबह के समय भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, नेपाल और भारत के सिक्किम की सीमा के पास चीन के कंट्रोल वाले तिब्बत क्षेत्र में सुबह 7.1 तीव्रता का ये भूकंप आया था।