प्रिंसिपल ने शेयर किया वीडियो
लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. प्रत्युष वत्सला ने कॉलेज टीचर्स के एक ग्रुप में अपना विडियो शेयर करते हुए कहा है कि सी ब्लॉक में गर्मी की शिकायत के लिए देसी उपाय किए जा रहे हैं। यहां जिनकी क्लासेज हैं, उन्हें जल्द ही अपने कमरे एक नए कलेवर में मिलेंगे ताकि उनकी पढ़ाई का अनुभव सुखद हो, इसके लिए प्रयास चल रहा है। लक्ष्मीबाई कॉलेज में पांच ब्लॉक हैं। इनमें सी ब्लॉक की इमारत पुरानी है। नीचे कैंटीन है और ऊपर क्लासरूम्स। बीए की एक स्टूडेंट कहती हैं, गोबर मिट्टी के घरों में काम करता है, शहर की ईंट-कंक्रीट की इमारतों में नहीं।
क्या कह रहे स्टूडेंट?
इस महिला कॉलेज की एक और स्टूडेंट ने बताया कि एसी तो दूर की बात है, कूलर भी नहीं हैं। पंखे से ही काम चलता है, वो भी कम हैं। कॉलेज के वॉशरूम्स की सफाई हो या फिर क्लासों में पंखे, ये मूलभूत जरूरतें स्टूडेंट्स को चाहिए। पुरानी इमारत के रिनोवेशन की भी जरूरत है। कॉलेज की एक टीचर ने बताया, सी ब्लॉक में गर्मी ज्यादा लगती है, क्लासरूम भी बड़े हैं, इसके लिए बड़े-बड़े कूलर लगने चाहिए। कई क्लासरूम में पर्याप्त पंखे भी नहीं हैं। इन सब जरूरतों को प्रिंसिपल के सामने उठाया भी गया है। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. प्रत्युषा वत्सला का कहना है कि यह देसी उपाय है।