महानवमी के पावन अवसर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में विधि-विधानपूर्वक कन्या पूजन किया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से नवरात्रों में मां स्वरूपा बालिकाओं का पूजन करती आ रही हूं।

सभी को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके सभी को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि आज मां सिद्धिदात्री की पूजा का पावन अवसर है। वे जीवन में सिद्धि, समृद्धि और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करती हैं। मां ने असुरों का संहार कर धर्म और सत्य की स्थापना की, जिससे यह दिन शक्ति और भक्ति का प्रतीक बन गया। मां की कृपा से भक्तों को आठ सिद्धियां और नौ निधियां प्राप्त होती हैं। मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से हमारे भीतर करुणा, ज्ञान और साहस का वास हो तथा समाज में सुख-शांति बनी रहे। जय माता दी!
कन्याओं को पूजा जाता है देवी के रूप में
नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें 2 से 10 वर्ष की कन्याओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। यह परंपरा शक्ति और पवित्रता का प्रतीक मानी जाती है। कन्या पूजन के दौरान कन्याओं को सम्मान और भोग लगाया जाता है, जो मां दुर्गा की कृपा प्राप्त करने का एक तरीका माना जाता है। नवरात्रि के दौरान इस पूजा का विशेष महत्व है। यह समाज में कन्याओं के प्रति सम्मान और आदर को बढ़ावा देती है।
