राजधानी दिल्ली में अलग-अलग जिलों में मिनी सचिवालय बनाने की योजना जोर पकड़ रही है। सीएम रेखा गुप्ता के निर्देश पर मिनी सचिवालय बनाए जाने की तैयारी है। पहले फेज में पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और नई दिल्ली में मिनी सचिवालय बनाए जाने के लिए जगह की पहचान शुरू कर दी गई है।

सरकार की योजना सभी राजस्व जिलों में इन्हें स्थापित करने की है। इसी साल मई महीने में जिलाधिकारियों को इसके लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने के लिए कहा गया था। दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIC), सिंचाई विभाग, राजस्व और सामाजिक कल्याण जैसे प्रमुख विभाग एक ही छत के नीचे होंगे। इससे लोगों को कई ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
पूर्वी जिले में पटपड़गंज, दक्षिण-पश्चिम में द्वारका, जबकि नई दिल्ली में न्यू मोती बाग में मिनी सचिवालय के लिए बिल्डिंग का प्रस्ताव रखा गया है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि प्रस्ताव विचाराधीन हैं और अंतिम निर्णय सभी चीजों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। आईटीओ स्थित दिल्ली सचिवालय और सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट स्थित कार्यालयों में होने वाले कई कार्यों को यहां मिनी सचिवलय में ट्रांसफर किया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर स्थित कई ऑफिस अक्सर लोगों को भ्रमित करते हैं। इन विभागों को एक साथ रखने से नागरिकों को शहर भर में यात्रा किए बिना अपनी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी। दूसरे जिलों ने भी स्थानों की पहचान शुरू कर दी है, हालांकि जगह हासिल करना अभी भी चुनौतीपूर्ण है, खासकर घनी आबादी वाले इलाकों में। एक अधिकारी ने कहा, कि उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व जैसे जिलों में जगह सीमित है, लेकिन विकल्प तलाशे जा रहे हैं।
