Delhi pollution Update: दिल्ली में एयर पॉल्यूशन को कंट्रोल करने के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं। इस बीच प्रदेश सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि पॉल्यूशन नियमों के उल्लंघन पर कितना जुर्माना लगाया गया।

मंत्री सिरसा ने दिया बड़ा अपडेट
मंत्री ने कहा कि कुल 1750 स्थलों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 556 नोटिस जारी किए गए और 48 इकाइयों को बंद करने का आदेश दिया गया। मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि पिछले दो दिनों में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के अधिकारियों ने 230 सड़कों और कूड़ाघरों का निरीक्षण किया।
कहां-किसने लगाया जुर्माना
वहीं दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने 110, लोक निर्माण विभाग ने 36, दिल्ली विकास प्राधिकरण ने 32, दिल्ली राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम ने 17 और दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने 8 निरीक्षण किए। इन निरीक्षणों के परिणामस्वरूप लगभग एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पॉल्यूशन नियमों के खिलाफ एक्शन
सिरसा ने बताया कि इस वर्ष विभिन्न एजेंसियों ने बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र वालों के 7.97 लाख चालान जारी किए। वहीं 2024 में यह संख्या 4.33 लाख थी। इसी अवधि में कुल 42,017 गड्ढों की मरम्मत की गई, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 18,000 थी। सिरसा ने कहा कि दिल्ली में रजिस्टर्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल की संख्या इस साल 15 नवंबर तक बढ़कर 4.54 लाख हो गई है, जो 31 दिसंबर 2024 तक 3.46 लाख थी।
