दिल्ली के लोगों को केंद्र सरकार की तरफ से बड़ा तोहफा मिल सकता है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रैपिड रेल कॉरिडोर को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस रैपिड रेल कॉरिडोर के बनने से 125 से 130 किलोमीटर की दूरी डेढ़ घंटे में पूरी की जा सकेगी।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) पर सराय काले खां स्टेशन के उद्घाटन के अवसर पर खट्टर ने कहा कि प्रस्तावित कॉरिडोर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को काफी हद तक बढ़ाएंगे और दिल्ली तथा पड़ोसी राज्यों के बीच यात्रा की अवधि घटाएंगे।
उन्होंने कहा कि इनमें से एक कॉरिडोर सराय काले खां से हरियाणा के करनाल तक बनाए जाने की योजना है, जिससे दोनों शहरों के बीच की लगभग 125 से 130 किलोमीटर की दूरी करीब डेढ़ घंटे में पूरी की जा सकेगी।”
दूसरा कॉरिडोर सराय काले खां को हरियाणा और राजस्थान को जोड़ेगा
खट्टर ने कहा कि प्रस्तावित दूसरा कॉरिडोर सराय काले खां को हरियाणा के बाबरपुर और राजस्थान के नीमराना से जोड़ेगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने मेरठ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सराय काले खां स्टेशन का उद्घाटन किया। यह स्टेशन दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस और भविष्य के रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए एक प्रमुख इंटरचेंज के रूप में काम करेगा।
खट्टर ने सराय काले खां स्टेशन को एक प्रमुख केंद्र बताया, जो एनसीआर में परिवहन नियोजन के अगले चरण का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के एक प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित होने के मद्देनजर रैपिड रेल और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार जरूरी है।

