60 दिन में तैयार होगा कैंप ऑफिस
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मुख्यमंत्री के ठहरने के लिए उपयुक्त बनाने हेतु संपत्ति पर मरम्मत और नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया है। अधिकारी ने कहा कि हम कुछ मरम्मत और रेनोवेशन का काम कर रहे हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री यहां आ जाएंगी। अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी ने सिविल लाइंस बंगले में कैंप ऑफिस बनाने के लिए भी टेंडर जारी किया है। अधिकारी ने बताया कि इस अपग्रेड की अनुमानित लागत 47 लाख रुपये है और यह काम 60 दिनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।
शालीमार बाग में रह रहीं सीएम
फिलहाल सीएम गुप्ता अपने परिवार के साथ शालीमार बाग में रहती हैं। इससे पहले रेखा गुप्ता ने 6 फ्लैग स्टाफ रोड में नहीं जाने का फैसला किया था। यह सरकारी आवास पहले पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल के कब्जे में था। अपने 10 साल के कार्यकाल के दौरान केजरीवाल अपने परिवार के साथ सिविल लाइंस में 6 फ्लैग स्टाफ रोड पर रहते थे।
खास बात है कि यह घर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बीजेपी के कैंपेन का केंद्र बिंदु बन गया। भगवा पार्टी ने इसे ‘शीश महल’ करार दिया था। साथ ही आरोप लगाया था कि इसके पुनर्निर्माण पर कई करोड़ रुपये खर्च किए गए।
अधिकतर मंत्रियों को मिल चुके हैं बंगले
मालूम हो कि बंगला संख्या 3/8 समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्रराज को आवंटित किया गया है। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट को बंगला संख्या 4/8 दिया गया है। इसके अतिरिक्त, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को मथुरा रोड पर एबी 17 आवंटित किया गया है, जो पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के कब्जे में था। नई बीजेपी सरकार में अधिकांश कैबिनेट मंत्रियों को पहले ही शहर में आधिकारिक आवास आवंटित किए जा चुके हैं।