देश के ज्यादातर हिस्सों में इस बार मॉनसून अपने समय से पहले पहुंचा। दिल्ली में भी इसके 22 जून को पहुंचे की उम्मीद थी, लेकिन अब आज भी इसके दिल्ली आगमन को लेकर संशय है। आखिर क्या वजह है कि बादलों के बावजूद दिल्ली में बारिश नहीं हो रही है। पिछले वीकेंड तक इसकी जोरदार शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल यह ठहरा हुआ है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम उत्तर प्रदेश में मॉनसून पहुंच चुका है, लेकिन दिल्ली अब भी अपनी पहली मानसूनी बारिश के इंतजार में बेहाल है।
प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली में बादल, नमी और हवाओं जैसी सभी मॉनसूनी परिस्थितियां मौजूद हैं। फिर भी बारिश नहीं हो रही है। मॉनसूनी हवाएं उत्तराखंड की तराई और अरावली के बीच फंसी हुई हैं, जिससे दिल्ली तक इनका असर नहीं पहुंच पा रहा। ऐसे में अगले 2-3 दिनों में इसकी धीमी शुरुआत संभव है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के दोनों ओर चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इनसे जुड़ी एक ट्रफ रेखा मध्य भारत से गुजर रही है, लेकिन यह दिल्ली से काफी दक्षिण में है, इसलिए इसका सीधा असर दिल्ली पर नहीं पड़ रहा है।
आज हल्की बारिश की संभावना
उत्तर पाकिस्तान और पंजाब के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो ट्रफ को दिल्ली की ओर खींचने का प्रयास कर रहा है। इसके चलते आज हल्की बारिश संभव है। जबकि 27 से 29 जून के बीच बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, खासकर 28 जून को। मॉनसूनी हवाएं दिल्ली के करीब हैं, लेकिन कोई मजबूत ट्रिगर न होने से वे पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पा रही हैं। फिलहाल, दिल्ली में मॉनसून की धीमी लेकिन स्थिर शुरुआत की उम्मीद है। अगले हफ्ते की शुरुआत में अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री रह सकता है। इस पूरे हफ्ते तेज बारिश के असर नहीं हैं। एक-दो दिन तेज बौछार पड़ सकती हैं।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा था। हवा में नमी का स्तर 54 से 85 पर्सेट के बीच रहा। पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम को हल्की बारिश के साथ आंधी आने की संभावना है। 28 जून से बारिश की तीव्रता कुछ बढ़ सकती है। 28 से 30 जून के बीच मध्यम बारिश की संभावना है। 28 जून की शाम से बारिश की गतिविधियां शुरू होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री और न्यूनतम 25 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है।