दिल्ली में मानसून के आगमन के बाद भी गर्मी से राहत केवल दो दिन ही मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, हालांकि आंशिक बादल छाए रहेंगे।

दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 61 से 89 प्रतिशत तक बना रहा। नमी की वजह से हीट इंडेक्स 44.3 डिग्री रहा। यानी लोगों को दोपहर के समय 44 गुरुवार को डिग्री वाली गर्मी महसूस हुई। बुधवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में 1 एमएम, पालम में 1 एमएम, लोदी रोड में बूंदाबांदी, नजफगढ़ में 3.5 एमएम मंगेशपुर में 0.5 एमएम और फरीदाबाद में एक एमएम बारिश हुई।
अधिकतम तापमान रह सकता है 38 डिग्री
पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। 4 जुलाई को भी आंशिक बादल रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 से 38 और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री तक रह सकता है। 5 से 8 जुलाई के बीच बादल घने हो जाएंगे। बारिश हल्की होगी।
हल्की बारिश की जताई जा रही संभावना
स्काईमेट के अनुसार, गुरुवार को भी बारिश की संभावना कम है। अगर बारिश हुई तो यह बहुत हल्की और कम समय के लिए होगी। 4 जुलाई मानसूनी ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने लगेगी। इससे राजधानी में बादल घने होते जाएंगे। शनिवार और रविवार को अच्छी बारिश की संभावना है। यह बारिश अगले हफ्ते की शुरुआत तक बनी रह सकती है। 5 से 9 जुलाई के बीच लगातार रुक-रुककर बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है।
संतोषजनक स्तर पर रहा प्रदूषण
राजधानी का प्रदूषण स्तर संतोषजनक स्तर पर बना रहा। यह आने वाले कुछ दिनों तक भी इसी स्तर पर बना रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की एयर बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 83 रहा। गाजियाबाद का एक्यूआई 86, ग्रेटर नोएडा का 100, गुरुग्राम का 53 और नोएडा का 79 रहा। पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 5 जुलाई तक प्रदूषण का स्तर संतोषजनक रह सकता है। इसके बाद अगले छह दिनों तक प्रदूषण का स्तर संतोषजनक से सामान्य रह सकता है। बुधवार को हवाओं की गति 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही। गुरुवार को यह 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक, शुक्रवार को 12. से 20 किलोमीटर प्रति घंटे और शनिवार को 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।