दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में आज सुबह भी तेज बारिश हुई
बता दें कि दिल्ली में आज सुबह भी तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। लेकिन, कई इलाकों में पानी भर गया। इससे सुबह के समय ट्रैफिक में परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह 8:30 बजे तक 12 mm बारिश हुई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ जगहों पर पानी भरने से लोगों को ऑफिस जाने में दिक्कत हुई। कई सड़कों पर गाड़ियां धीरे-धीरे चल रही थीं।
दिल्ली में कल 8 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में कल और परसों भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अगले 2 दिनों में भी दिल्ली में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दिल्ली के अलावा गुजरात के इन शहरों में भी बारिश हुई
दिल्ली के अलावा गुजरात के अहमदाबाद में भी भारी बारिश हुई, शहर में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बनी रही। गुजरात के अन्य जिलों में भी भारी बारिश हुई, बनासकांठा में जल जमाव से स्थिति बिगड़ गई और थराद सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से एक रहा। सुरेंद्रनगर, मोरबी, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, राजकोट और साबरकांठा जिलों सहित कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।