IPS अधिकारी सतीश गोलचा ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के 26वें कमिश्नर का पद संभाल लिया। उन्होंने एसबीके सिंह का स्थान लिया, जो मात्र 21 दिन तक इस पद पर रहे। सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के बाद गृह मंत्रालय ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था।

गृह मंत्रालय ने जारी किया था आदेश
बता दें कि गृह मंत्रालय ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में जनसुनवाई के दौरान हमला होने के एक दिन बाद गोलचा की पुलिस कमिश्नर के पद पर नियुक्ति हुई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह नियुक्ति हमले से संबंधित नहीं है।
गोलचा ने एसबीके सिंह का लिया स्थान
गोलचा का कार्यकाल अप्रैल 2027 तक है। उन्हें उनके सख्त रुख और 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान निर्णायक नेतृत्व के लिए जाना जाता है, जब वह कानून-व्यवस्था के विशेष पुलिस कमिश्नर के तौर पर तैनात थे। गोलचा के पूर्ववर्ती एसबीके सिंह, 1988 बैच के अधिकारी हैं। वह संभवतः सबसे कम अवधि तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर रहे। उन्होंने संजय अरोड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद 1 अगस्त को पदभार संभाला था।
AGMUT कैडर का अफसर बनने जा रहा
बहरहाल, चार साल बाद दिल्ली पुलिस का मुखिया अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्रशासित प्रदेश (AGMUT) कैडर का अफसर बनने जा रहा है। इससे पहले 27 जुलाई 2021 को बीएसएफ के डीजी रहे गुजरात कैडर के राकेश अस्थाना को, जबकि 1 अगस्त 2022 से आईटीबीपी के तत्कालीन डीजी और तमिलनाडु कैडर के संजय अरोड़ा को कमिश्नर बनाया था।
