नवभारतटाइम्स.कॉम•
अजित पवार के निधन के बाद पहली बार शरद पवार गुट के नेताओं ने दावा किया था कि वह एनसीपी के दोनों गुटों के एक साथ आने पर बात कर रहे थे। तब अजित पवार गुट के नेताओं ने इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पिछले तीन महीने से अजित समर्थक नेताओं ने एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय को हवा दी।

शरद गुट के 8 सांसदों पर बीजेपी की नजर
पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी ने हॉस्पिटल में शरद पवार से बातचीत की। फिर एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल सीनियर पवार से मिले। राष्ट्रवादी कांग्रेस के कई नेता अमित शाह से मुलाकात की। इन तमाम मुलाकातों से एनसीपी के मर्जर की अटकलें बढ़ती गईं। कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीजेपी विलय पर जोर दे रही है, ताकि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और उसके आठ सांसदों को एनडीए के पक्ष में आ जाएं। संसद में बीजेपी महिला आरक्षण के जरिये परिसीमन समेत कई बिल पास कराने के लिए बहुमत जुटा रही है। सूत्रों ने दावा किया कि पवार फैमिली में चार नेता विलय के बाद नेतृत्व के सवाल पर बंटे हैं। विलय होने पर शरद पवार का कंट्रोल होने और सुप्रिया सुले नंबर-2 होने की चर्चा से सुनेत्रा पवार और उनके दोनों बेटे सहमत नहीं हैं। पार्टी के पुराने नेता विलय के पक्ष में हैं।
पार्टी के अध्यक्ष पद पर दावेदारी से उलझन
एनसीपी के करीबी नेता ने बताया कि सुप्रिया सुले ने भी विलय से पहले पार्टी के सर्वोच्च पद पर दावा ठोंक रखा है। वह पुराने फॉर्मूले पर राजी नहीं हैं। पुराने फॉर्मूले के मुताबिक, अजित पवार पार्टी अध्यक्ष के साथ महाराष्ट्र संभालने को राजी थे, जबकि सुप्रिया सुले को दिल्ली में पार्टी की नेता का प्रस्ताव था। एनडीटीवी से बातचीत में सुप्रिया सुले ने कहा कि विलय का कोई सवाल ही नहीं है। जब मेरे भाई अजित पवार जीवित थे तब चर्चा हुई थी। उनके निधन के बाद मामला वहीं खत्म हो गया। पार्थ पवार और शरद पवार की मुलाकात पर उन्होंने कहा कि शरद पवार पार्थ के दादा हैं। 2023 में पार्टी टूटने के बाद भी अजीत पवार मुलाकात करते रहे। पारिवारिक संबंधों में कभी कोई तनाव नहीं रहा।
बता दें कि महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस पहले ही एनसीपी के मर्जर के दावे को नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि एनसीपी के दोनों गुटों के नेता फैसला ले सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में उन्हें बीजेपी को जानकारी देनी होगी क्योंकि एनसीपी सरकार का हिस्सा है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी केंद्र में सुप्रिया सुले के नए रोल के लिए राजी है, मगर वह चाहती है कि सुनेत्रा पवार की ताकत कम नहीं हो।