उत्तर-पश्चिम दिल्ली की भाई परमानंद कॉलोनी में दूषित पेयजल की शिकायतों को लेकर स्थानीय निवासियों ने दिल्ली सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि उनके घरों में नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और खासकर बच्चों तथा बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से पानी की गुणवत्ता बेहद खराब है। एक बुजुर्ग निवासी ने Delhi News Daily से बातचीत में कहा, “नलों से नाली जैसा पानी आ रहा है। इसकी वजह से बीमारियां बढ़ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों को बहुत दिक्कत हो रही है। क्या हमने इसलिए सरकार बदली थी कि ऐसी परेशानी फिर सामने आए? साफ पानी मिलना हमारा अधिकार है। इस पर कोई हम पर एहसान नहीं कर रहा।”
वहीं एक महिला निवासी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ऐसा पानी पी सकती हैं? वह भी एक आम परिवार से आई हैं, उन्हें हमारी परेशानियां समझनी चाहिए।”
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जाहिर की। एक अन्य निवासी ने कहा, “विधायक खत्री साहब और पार्षद इकबाल सिंह सोशल मीडिया और फेसबुक पर तो दिखाई देते हैं, लेकिन क्या उन्हें यह समस्या नजर नहीं आती? अगर जनसंपर्क से ज्यादा ध्यान काम पर दिया जाए तो बेहतर होगा। भाई परमानंद कॉलोनी की सड़कों की हालत भी खराब है और पार्कों का रखरखाव भी नहीं हो रहा। यहां की समस्याओं पर ध्यान देने वाला कोई नहीं दिखता।”
निवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द पानी की गुणवत्ता की जांच कराए और क्षेत्र में साफ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

