दिल्ली में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दिल्ली बीजेपी द्वारा भव्य जनजातीय समागम एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए वनवासी समाज एवं अनेक जनजातीय समुदायों के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली।
शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। विभिन्न जनजातीय समूहों ने अपने पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मरघट वाले मंदिर के महंत वरुण शर्मा ने शोभायात्रा में शामिल सभी लोगों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं बीजेपी कार्यकर्ता विवेक शर्मा प्रताप नगर ने शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए पानी की बोतलों की व्यवस्था कर सेवा कार्य किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की जनजातीय संस्कृति और विरासत को सम्मान देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बीजेपी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान “भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
